LOADING...
ओडिशा के पुरी में 2 किशोरों को पीटा और सिगरेट से जलाया, जबरन पेशाब पिलाया गया
ओडिशा के पुरी में 2 किशोरों को जबरन पेशाब पिलाया गया

ओडिशा के पुरी में 2 किशोरों को पीटा और सिगरेट से जलाया, जबरन पेशाब पिलाया गया

लेखन गजेंद्र
Apr 21, 2025
12:30 pm

क्या है खबर?

ओडिशा में पुरी जिले के कोटकोसंगा इलाके में रविवार को 16 वर्षीय 2 किशोरों को गलत पहचान के कारण बेरहमी से पीटा गया और जबरन पेशाब पिलाया गया। बताया जा रहा है कि गांव में लगे मेले में कोटकोसंगा और प्रधान साही गांव के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों किशोरों को रविवार रात को कोटकोसंगा इलाके में देखा गया तो उनको प्रतिद्वंद्वी गांव का समझकर उनके साथ मारपीट की गई।

मारपीट

बिजली के खंभे से बांधकर पीटा गया

नाबालिग युवकों ने पुलिस को बताया कि गांव के लोगों ने उनको पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और काफी देर तक पीटा। इसके बाद उनके शरीर को सिगरेट से जलाया गया और पेशाब पीने को मजबूर किया गया। पीड़ितों का कहना है कि घटनास्थल पर 50 से अधिक लोग मौजूद थे, लेकिन कोई उनको बचाने आगे नहीं आया। करीब आधे घंटे पीटने के बाद उन्होंने दोनों किशोरों को छोड़ा। यहां से छूटकर पीड़ित पुलिस के पास पहुंचे थे।

जांच

2 गांवों के बीच टकराव का शिकार बने किशोर

पीड़ित के पिता का कहना है कि कोटकोसंगा और प्रधान साही गांव के लोगों के बीच विवाद चल रहा है, जिसके कारण उन्होंने उनके बेटे को प्रधान साही गांव का समझकर पीटा है। उन्होंने बताया कि हमला करने वाले कोटकोसंगा गांव के हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सजा की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लड़कों का कहना है कि उन्होंने खुद को बिराट साही गांव का बताया था, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई।