Page Loader
ओडिशा: कोरोना वायरस के खात्मे की उम्मीद में पुजारी ने दी नरबलि, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ओडिशा: कोरोना वायरस के खात्मे की उम्मीद में पुजारी ने दी नरबलि, पुलिस ने किया गिरफ्तार

May 28, 2020
08:55 pm

क्या है खबर?

कोरोना वारयस के खात्मे के लिए ओडिशा के एक मंदिर में पुजारी द्वारा नरबलि दिए जाने का ससनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, कटक में नरसिंहपुर ब्लॉक के बांदहुडा क्षेत्र में देवी ब्राह्मणी मंदिर के पुजारी को अहसास हुआ कि नरबलि देने से कोरोना का खात्मा हो जाएगा। उसने मंदिर में दर्शन के लिए आए एक 55 वर्षीय शख्स की गर्दन देवी की प्रतिमा के आगे धड़ से अलग कर दी। पुलिस ने आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना

कोरोना वायरस के खात्मे के लिए उठाया कदम

अथागढ़ थाने के पुलिस अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि मृतक शख्स सरोज कुमार प्रधान (55) है और आरोपी पुजारी संसारी ओझा (70) है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने दावा किया है कि देवी ने उसे सपने में आकर कहा था कि नरबलि देने के बाद कोरोना वायरस महामारी का खात्म हो जाएगा। ऐसे में उसने मंदिर में नरबलि देने की योजना बनाई थी। पुलिस ने हत्या के लिए काम लिया गया हथियार बरामद कर लिया है।

अंजाम

पुजारी ने ऐसे दिया घटना को अंजाम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को मृतक सरोज कुमार प्रधान मंदिर में दर्शन करने के लिए गया था। उस दौरान पुजारी ओझा मंदिर के दरवाजे पास छिप गया। प्रधान ने जैसे ही देवी की प्रतिमा के आगे अपना सिर झुकाया तो पुजारी ने वहां पहुंचकर दरांती से सिर काट दिया। इसके बाद पुजारी खुद ही थाने पहुंच गया और वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

जानकारी

पुजारी का मृतक के साथ चल रहा था विवाद

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया है कि पुजारी का एक आम के बाग को लेकर मृतक के साथ विवाद चल रहा था। संभवत: उसने इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

संक्रमण

भारत और ओडिशा में यह है कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति

पिछले 24 घंटे में देश में 6,566 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,58,333 हो गई है। इसी तरह 24 घंटे में 194 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 4,531 पर पहुंच गया है। देश में 67,692 मरीज पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुके हैं और 86,110 एक्टिव केस है। इसी तरह ओडिशा में संक्रमितों की संख्या 1,593 हो गई है तथा 7 लोगों की मौत हो चुकी है।