ओडिशा में 8 साल बाद फिर से होंगे छात्रसंघ चुनाव, मुख्यमंत्री ने दी हरी झंडी
ओडिशा के कॉलेजों में 8 साल के लंबे इंतजार के बाद अब छात्र संघ चुनाव फिर से कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस फैसले को हरी झंडी दे दी है। दशहरा से पहले इन चुनावों की सारी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है। 7 अक्टूबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, 9 अक्टूबर को नामांकन भरे जाएंगे और 15 अक्टूबर को मतदान होगा। अगले ही दिन यानी 16 अक्टूबर को विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाई जाएगी।
सूर्यवंशी सूरज ने लिंगदोह नियमों के पालन का भरोसा दिलाया
उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने जानकारी दी कि ये चुनाव सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों और जे.एम. लिंगदोह कमेटी के नियमों के तहत ही कराए जाएंगे। उनका कहना है कि इन चुनावों का मकसद कॉलेज परिसरों में शांति और व्यवस्था बनाए रखते हुए मतदान कराना है। सरकार ने अपने चुनाव घोषणापत्र में छात्रों को कॉलेज के 'लोकतंत्र' में अधिक भागीदारी दिलाने का वादा किया था और ये चुनाव उसी वादे को पूरा कर रहे हैं।