कोलकाता के NRS अस्पताल में रहस्यमयी मौत, बंद शौचालय में मिली नर्स की लाश
कोलकाता के NRS हॉस्पिटल में बुधवार रात एक 30 साल की नर्स का शव बंद शौचालय में मिला। बताया गया है कि वह ड्यूटी पर थी और रात करीब 9:40 बजे अचानक गायब हो गई। नर्स के गायब होने के बाद जब मेटरनिटी वार्ड का बाथरूम देर तक बंद मिला, तो स्टाफ को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अंदर नर्स बेहोश पड़ी मिली।
एनेस्थेटिक की शीशियां मिलने के बाद पुलिस की जांच
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच के दौरान शौचालय से एनेस्थेटिक की कुछ खाली शीशियां और एक सिरिंज बरामद हुईं, हालांकि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने नर्स का फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। उसके पति को भी बुलाया गया है, जिससे उसने इसी साल मार्च में शादी की थी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सहित कई बड़े अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं और स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।