NEET विवाद के बाद NTA ने सुरक्षा और प्रिंटिंग के लिए निकाले टेंडर
क्या है खबर?
NEET पेपर लीक को लेकर मचे घमासान के बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) बड़े बदलाव करने जा रही है। NTA परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के लिए नई एजेंसी की नियुक्ति करने जा रही है। इसके लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया है। इसके अलावा हाउसकीपिंग और प्रिंटिंग के लिए भी टेंडर निकाले गए हैं।
सुरक्षा
सुरक्षा एजेंसियों से मांगे गए आवेदन
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, NTA द्वारा 25 जुलाई को जारी टेंडर में दिल्ली के मिंटो रोड स्थित मुख्यालय, ओखला स्थित क्षेत्रीय कार्यालय और अन्य स्थानों पर सुरक्षा प्रदान करने के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
यह एजेंसी कर्मचारियों, आगंतुकों, गोपनीय परीक्षा सामग्री, सर्वर कक्ष, तिजोरी, गोदाम और दूसरी संवेदनशील सुविधाओं की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होगी।
एजेंसी की शुरुआत में 2 साल के लिए काम सौंपा जाएगा, जिसे 2 बार एक-एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।
प्रिंटिंग
प्रिंटिंग के लिए भी निकला टेंडर
NTA ने गोपनीय परीक्षा सामग्री की छपाई के लिए मुद्रण एजेंसियों से बोलियां आमंत्रित की हैं। चयनित एजेंसी NTA से जुड़ी सभी मुद्रण प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार होगी।
इसमें परीक्षा संबंधी दस्तावेजों का डिजाइन और मुद्रण, बारकोड और QR कोड मुद्रण, बाइंडिंग, पैकेजिंग, परिवहन और सामग्री की सुरक्षित डिलीवरी शामिल है।
NTA ने कहा कि सभी गोपनीय मुद्रण कार्य कैमरों की निगरानी, बायोमेट्रिक पहुंच और उचित निगरानी वाले सुरक्षित स्थानों पर ही किए जाने चाहिए।
शर्त
प्रिंटिंग से जुड़ी कंपनियों को पूरी करनी होंगी ये शर्तें
प्रिंटिंग एजेंसियों के लिए पात्रता की कई शर्तें रखी गई हैं।
कंपनी को भारत में कानूनी रूप से पंजीकृत होना होगा। कंपनी के पास वैध PAN, GST, EPF, ESI और ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र होना चाहिए।
प्रिंटिंग सेवाओं में कम से कम 5 साल का अनुभव होना चाहिए।
पिछले 7 वर्षों के दौरान सरकारी विभागों, विश्वविद्यालयों या शैक्षणिक संस्थानों के लिए मुद्रण कार्य किया हो।
पिछले 3 वित्तीय वर्षों में औसत वार्षिक कारोबार न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का होना चाहिए।
तकनीकी
वित्तीय के साथ तकनीकी क्षमता को दी जाएगी प्राथमिकता
NTA ने कहा कि एजेंसी का चयन गुणवत्ता और लागत आधारित चयन (QCBM) प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। यानी वित्तीय बोली के साथ-साथ तकनीकी क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।
इसके तहत, तकनीकी प्रस्तावों का चयन में 70 प्रतिशत, जबकि वाणिज्यिक बोलियों का शेष 30 प्रतिशत योगदान होगा।
तकनीकी मूल्यांकन में कम से कम 70 अंक प्राप्त करने में विफल रहने वाली एजेंसियों पर वित्तीय मूल्यांकन के लिए विचार नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा
सुरक्षा को लेकर ये होंगे प्रावधान
सुरक्षा एजेंसी को NTA परिसर में प्रवेश को नियंत्रित करने की जिम्मेदार होगी। इसके तहत कर्मचारियों और आगंतुकों की पहचान सत्यापित करना, आगंतुकों का विस्तृत रिकॉर्ड रखना और मेटल डिटेक्टर से जांच जैसे काम शामिल होंगे।
इसके अलावा एजेंसी को गोपनीय परीक्षा सामग्री, सर्वर कक्ष, डिजिटल अवसंरचना और सुरक्षित भंडारण सुविधाओं की सुरक्षा भी करनी होगी।
एजेंसी को इसके लिए GPS से लैस गार्ड ट्रैकिंग, बायोमेट्रिक उपस्थिति और डिजिटल रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म सहित तकनीकी निगरानी प्रणालियों को लागू करना होगा।