चुनाव की मांग करना पड़ा महंगा? जामिया में प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने बुधवार को जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के 2 छात्रों को हिरासत में लिया। इनमें NSUI की जामिया इकाई के अध्यक्ष फैजान और संगठन की सोशल मीडिया विंग के पूर्व राष्ट्रीय प्रमुख जीशान शामिल हैं। यह घटना ऐसे समय हुई जब छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 17वें दिन में प्रवेश कर गया था। गौरतलब है कि साल 2006 के बाद से विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं।
छात्र ने की चुनाव तारीख तय करने की मांग
NSUI के सदस्य फौरन चुनाव की तारीखें घोषित करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। विश्वविद्यालय ने संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराने का वादा किया था, लेकिन छात्र एक निश्चित तारीख चाहते हैं। कांग्रेस सांसदों पर बिना अनुमति के कैंपस में घुसने का मामला दर्ज होने के बाद तनाव और बढ़ गया था। सुरक्षा के मद्देनजर कक्षाओं को भी ऑनलाइन कर दिया गया था।