NSA अजित डोभाल ने UAE के राष्ट्रपति से की मुलाकात, जानिए किस मुद्दे पर हुई चर्चा
क्या है खबर?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने मध्य पूर्वी देश की अपनी आधिकारिक यात्रा के तहत शनिवार को अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों में हो रहे बदलावों के बीच दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और ऊर्जा सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। आइए जानते हैं दोनों के बीच क्या चर्चा हुई।
पोस्ट
UAE स्थित भारतीय दूतावास ने दी मुलाकात की जानकारी
UAE स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, NSA डोभाल ने UAE के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के उपायों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की। दूतावास ने लिखा, 'NSA डोभाल राष्ट्रपति नाहयान से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन दिया। व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के उपायों, क्षेत्रीय स्थिति और पारस्परिक हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा की।'
बैठक
एक महीने में दूसरी उच्च स्तरीय बैठक
इस बैठक में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सर्वोच्च परिषद के महासचिव अली बिन हम्माद अल शम्सी भी उपस्थित थे। बता दें कि एक महीने के भीतर दोनों देशों के बीच यह दूसरी उच्च स्तरीय बैठक है। इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने 2 देशों के दौरे के तहत UAE के राष्ट्रपति से मुलाकात कर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की थी।