कैंसर का इलाज अब होगा सस्ता और सुलभ, NPPA ने 70 प्रतिशत तक घटाए दाम
राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 8 अक्टूबर को एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने उन कैंसर दवाइयों की कीमतों की सीमा तय करने का निर्देश दिया जो 'गैर-अनुसूचित' श्रेणी में आती हैं। इस फैसले से इन दवाइयों की कीमतें 70 प्रतिशत तक कम हो सकती हैं। इसका सीधा फायदा यह होगा कि जीवन बचाने वाले ये इलाज अब मरीजों के लिए काफी सस्ते और सुलभ हो जाएंगे। दरअसल, यह कदम सुप्रीम कोर्ट की उन सख्त टिप्पणियों के बाद आया है, जिसमें कोर्ट ने कैंसर दवाइयों की मनमानी कीमतों पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने उदाहरण भी दिया था कि कैसे 1,300 रुपये की कैंसर दवा को 32,000 रुपये तक बेचा जा रहा था।
भारतीय मरीज हर साल 2,500-3,500 करोड़ रुपये तक बचा पाएंगे
भारत में कैंसर की दवाइयों का बाजार बहुत बड़ा है, जो लगभग 12,500 करोड़ रुपये का है। इस बाजार में कुछ दवाइयों पर तो 700 प्रतिशत तक का भारी मुनाफा कमाया जा रहा था। अब इस नई कीमत सीमा लागू होने से भारतीय मरीज हर साल 2,500 करोड़ रुपये से 3,500 करोड़ रुपये तक बचा पाएंगे। दवा बनाने वाली कंपनियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे इन जरूरी दवाइयों की आपूर्ति लगातार बनाए रखें, ताकि बाजार में इनकी कोई कमी न हो।