NPPA का ऐतिहासिक फैसला: 543 कैंसर दवाएं सस्ती, मरीजों को मिलेगी 3,500 करोड़ रुपये तक की सालाना राहत
कैंसर से जूझ रहे लोगों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। 9 नवंबर से राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने पूरे भारत में 543 कैंसर रोधी दवाओं की कीमतें कम करने का ऐलान किया है। इस कदम से कैंसर का इलाज सस्ता हो जाएगा। इससे मरीजों को अपनी जेब से सालाना करीब 2,500 करोड़ रुपये से लेकर 3,500 करोड़ रुपये तक कम खर्च करने पड़ेंगे। यह कई परिवारों के लिए यकीनन एक बड़ी राहत लेकर आएगा।
NPPA का 137 गैर-निर्धारित कैंसर रोधी दवाओं पर फोकस
कीमतों में यह कटौती मुख्य तौर पर 137 गैर-निर्धारित कैंसर रोधी दवाओं पर की गई है। NPPA चाहता है कि दवाओं की कीमतें सही और सभी के लिए वहनीय हों और यह कदम इसी दिशा में उठाया गया है। पाल्बोसिक्लिब और थायोटेपा जैसी कुछ दवाओं की कीमतों में सबसे ज्यादा कमी आई है, इनकी कीमतें 90 प्रतिशत से भी ज्यादा घट गई हैं। परटुजुमाब और बेवाकिजुमाब जैसी दूसरी अहम दवाएं भी अब सस्ती हो जाएंगी। भारत में कैंसर दवाओं का बाजार करीब 12,500 करोड़ रुपये का है। ऐसे में ये बदलाव कई लोगों को जीवन बचाने वाली दवाएं आसानी से मिल सकेंगी, जिससे इलाज तक उनकी पहुंच बढ़ेगी।