Loading...
वायुसेना प्रमुख बोले- कोई भी लक्ष्य पहुंच से दूर नहीं, 'ऑपरेशन सिंदूर' में ये साबित हुआ
वायु सेना प्रमुख ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में बलों की भूमिका की सराहना की है

वायुसेना प्रमुख बोले- कोई भी लक्ष्य पहुंच से दूर नहीं, 'ऑपरेशन सिंदूर' में ये साबित हुआ

लेखन आबिद खान
Oct 25, 2026
02:49 pm

क्या है खबर?

वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पश्चिमी मोर्चे पर वायु सेना ने 1,200 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में और 200 किलोमीटर भीतर तक सटीक हमले किए थे। उन्होंने आगे कहा कि इन हमलों ने ये साबित कर दिया कि कोई भी लक्ष्य उसकी पहुंच से बाहर नहीं है। उन्होंने कहा, "इस अभियान ने एक बार फिर दिखाया कि देश की सुरक्षा में वायु शक्ति की अहम भूमिका है।"

बयान

सिंह बोले- हमें कई विकल्प खुले रखने चाहिए

समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए सिंह ने कहा, "'ऑपरेशन सिंदूर' ने किसी भी संकट में सबसे पहले कार्रवाई करने वाली शक्ति और दुश्मन को हमला करने से रोकने की प्रभावी सैन्य क्षमता के रूप में वायुसेना की निर्णायक भूमिका की एक बार फिर पुष्टि की है। ऑपरेशन से एक सबक साफ है कि हमें हमेशा कई विकल्प अपने पास रखने चाहिए और दुश्मन की रणनीति बदलने पर तेजी से खुद को उसके मुताबिक ढालने में सक्षम होना चाहिए।"

क्षमताएं

क्षमताओं का विस्तार और उन्हें मजबूत करना होगा- सिंह

सिंह ने आगाह किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि हम यहीं रुक जाएं।

उन्होंने कहा, "हमें अपनी क्षमताओं को और मजबूत करने और उनका विस्तार करने की जरूरत है। इसके लिए लड़ाकू विमानों और सैन्य संसाधनों की संख्या बढ़ानी होगी। साथ ही, खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर, ड्रोन को रोकने और मजबूत नेटवर्क बनाने की क्षमता बढ़ानी होगी। फैसले लेने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल भी बढ़ाना होगा।"

ADVERTISEMENT

बड़ी बातें

सिंह के साक्षात्कार की बड़ी बातें

स्वदेश में विकसित कुछ हथियार प्रणालियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दुश्मन के इलाके में भीतर तक जाकर उसे भारी नुकसान पहुंचाया।

हमने अलग-अलग विमानों और हथियार प्रणालियों के बारे में सोचने के बजाय क्षमता के आधार पर विचार करना शुरू किया है, जिसके तहत हर विमान, सेंसर, हथियार और नेटवर्क को एकीकृत किया गया।

भारतीय वायु सेना का दृष्टिकोण विकसित भारत 2047 के व्यापक राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है।

ADVERTISEMENT

'ऑपरेशन सिंदूर'

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था 'ऑपरेशन सिंदूर'

22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसमें 26 लोग मारे गए थे।

इसके बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे।

इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध शुरू हो गया था, जो 10 मई को खत्म हुआ था।

ADVERTISEMENT