Page Loader
उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोग परेशान, केरल में बारिश से 4 की मौत
उत्तर भारत में गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है

उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोग परेशान, केरल में बारिश से 4 की मौत

लेखन आबिद खान
May 23, 2024
01:20 pm

क्या है खबर?

देश में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दूसरी ओर, केरल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान

राजस्थान के बाड़मेर में 48 डिग्री से ज्यादा तापमान

राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। ये इस साल भारत के किसी शहर में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। बाड़मेर की सड़कों पर दमकल विभाग पानी का छिड़काव कर रहा है। 26 मई तक यहां भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। 22 मई को चूरू में 47.4, फलोदी में 47.8 और जैसलमेर में 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

दिल्ली

दिल्ली के कई हिस्सों में पारा 45 के पार

दिल्ली के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया है। गर्मी की चलते बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। 22 मई को बिजली की मांग 8,000 मेगावाट रही। यमुना नदी के जल स्तर में भी गिरावट आई है, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसे लेकर राजनीति भी हो रही है और आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा द्वारा पानी की आपूर्ति में बाधा डालने का आरोप लगाया है।

केरल

केरल के 5 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने केरल के 5 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। एर्नाकुलम जिले में कोचीन नगर निगम के कुछ हिस्से पानी में डूब गए हैं। मछुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। खराब मौसम के कारण कम से 4 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है और एक को रद्द कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में ओडिशा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम

अगले 3 दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, 24 मई को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब में लू चलेगी। पश्चिम बंगाल और केरल में 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 25 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में लू की स्थिति रहेगी। 26 मई को 7 राज्यों में भीषण लू चलेगी, जबकि उत्तर-पूर्वी राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। उत्तर भारतीय राज्यों में रात का तापमान भी बढ़ेगा।