काशी-विंध्य बनेगा 600 अरब डॉलर का आर्थिक जोन, नीति आयोग ने बनाई अहम योजना
काशी-विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी योजनाएं तैयार हो रही हैं। नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने वाराणसी में एक बैठक की है। इस बैठक का मुख्य मकसद 7 जिलों को 600 अरब डॉलर का आर्थिक हब बनाना है। यह पूरा प्रोजेक्ट 'विकसित भारत 2047' के तहत आगे बढ़ेगा।
अभी यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश की GDP में 24 बिलियन डॉलर का योगदान देता है, लेकिन अब इसका लक्ष्य 7 लाख नई नौकरियां पैदा करना है। इसके लिए मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, पावर, एनर्जी और एग्रीकल्चर जैसे क्षेत्रों में नए निवेश लाने की कोशिश की जाएगी।
लाहिड़ी ने विभागों के बीच तालमेल पर जोर दिया
लाहिड़ी ने बताया कि असली तरक्की सिर्फ आंकड़ों में नहीं दिखती, बल्कि जल संरक्षण, प्रमुख उद्योगों, शिक्षा और पोषण जैसे अहम पहलुओं पर ध्यान देने से होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे टीबी की निगरानी कार्यक्रम की तर्ज पर ही एनीमिया के लिए भी एक निगरानी कार्यक्रम शुरू करें।
ग्रामीण विकास के कामों पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार ने अपडेट दिया। लाहिड़ी ने विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया, ताकि सभी लक्ष्य पूरे हों और इन योजनाओं का लाभ समाज के सबसे निचले तबके तक पहुंच सके। इस बैठक में मंडल आयुक्त एस राजलिंगम और DM सत्येंद्र कुमार जैसे कई बड़े अधिकारी भी शामिल थे।