राजधानी दिल्ली में गरम हुई रातें, बारिश को तरसे लोग
दिल्ली में अब रातें पहले से ज्यादा गर्म होने लगी हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा है। लोधी रोड पर भी पारा सामान्य से 2 डिग्री ऊपर चढ़ गया।
अगर आप सोच रहे थे कि बारिश से थोड़ी राहत मिलेगी, तो भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने साफ किया है कि पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी।
दिल्ली का पालम सामान्य से ज़्यादा ठंडा
विस्तार से देखें तो पालम में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उसके सामान्य स्तर से थोड़ा नीचे था। वहीं, आयानगर और लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से ज्यादा है।
रिज इलाके में तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कुछ ही कम था। दिन के अधिकतम तापमान की बात करें तो, सफदरजंग में 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से थोड़ा कम था। लेकिन पालम में दिन में भी खासी ठंडक रही, जहां तापमान सिर्फ 29.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यह इस मौसम में उसके सामान्य अधिकतम तापमान से तीन डिग्री से भी ज़्यादा कम है।