NIA ने उठाया बड़ा कदम, आतंकी हाफिज सईद को 'घोषित अपराधी' बनाने की प्रक्रिया शुरू
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम मामले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मुखिया हाफिज सईद को 'घोषित अपराधी' करार देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। NIA ने यह कदम एक नए आरोप पत्र के आधार पर उठाया है। एजेंसी चाहती है कि अदालत की कार्यवाही और वारंटों से लगातार बच रहे सईद को जिम्मेदार ठहराया जाए। इसके लिए उन नए कानूनों का सहारा लिया जा रहा है, जिन्हें ऐसे भगोड़ों पर नकेल कसने के मकसद से बनाया गया है।
NIA रख रही सभी वारंट पर नजर
NIA अपना कानूनी मामला बहुत सावधानी और बारीकी से तैयार कर रही है। एजेंसी हर वारंट और समन पर कड़ी नजर रख रही है ताकि कहीं कोई चूक न हो जाए। अगर अदालत इस प्रक्रिया को मंजूरी दे देती है, तो भारत पाकिस्तान को कूटनीतिक माध्यमों से आधिकारिक सूचना भेजेगा। इस कदम से हाफिज सईद की गैरहाजिरी में भी उसके खिलाफ मुकदमा चलाने का रास्ता साफ हो सकता है। ऐसा होने पर भारत के लिए सईद और उसके पूरे नेटवर्क पर अंतरराष्ट्रीय पाबंदियां और यात्रा प्रतिबंध लगवाना आसान हो जाएगा।