दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हर चूक पड़ेगी भारी, NHAI के ANPR कैमरे करेंगे हर हरकत कैद
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अब अचानक लेन बदलने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अगले हफ्ते से जुर्माना लगाएगा। शनिवार को की गई इस घोषणा का मकसद हाईवे को और सुरक्षित बनाना है, ताकि तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इसी के तहत अपग्रेड किए गए ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए गए हं। ये कैमरे लेन के नियमों का उल्लंघन करने वालों की तुरंत पहचान कर लेंगे। खासकर गुरुग्राम, सोहना और नूह के बीच लगभग 120 किलोमीटर के व्यस्त इलाके में ये कैमरे लगातार नजर रखेंगे।
NHAI कैमरे इस्तेमाल करेंगे NIC डाटाबेस
ये स्मार्ट कैमरे पहले से ही गाड़ियों की रफ्तार पर नजर रखते हैं। अब ये लेन के नियमों का उल्लंघन करने वालों की भी पहचान कर सकेंगे। यह सब नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के डेटाबेस से तुरंत जांच करके संभव होगा। इसके साथ ही, NHAI अगले कुछ महीनों में उन जगहों पर बेहतर और स्पष्ट संकेत बोर्ड भी लगाएगा जहां ज्यादा हादसे होते हैं। NHAI लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चला रहा है। इस अभियान के तहत बताया जाएगा कि हर लेन के लिए अलग रफ्तार सीमा तय है, जो 80 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक है।