टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट? NHAI देगा 1000 रुपये का फास्टैग रिचार्ज
सड़क पर चलते हुए किसी टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट दिखा क्या? भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक नया 'स्वच्छ टॉयलेट पिक्चर चैलेंज' लॉन्च किया है। राजमार्गयात्रा ऐप के जरिए इसकी शिकायत करने पर आपको 1,000 रुपये मिलेंगे। बस एक जियोटैग्ड फोटो खींचिए, अपनी जानकारी (नाम, जगह, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर) डालिए और सब्मिट कर दीजिए।
विशेष अभियान 5.0 के तहत मिलेंगे फास्टैग रिचार्ज
ये इनाम फास्टैग रिचार्ज के रूप में मिलेंगे। यह सरकार के 'स्पेशल कैंपेन 5.0' का हिस्सा है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। यह चैलेंज सिर्फ NHAI द्वारा मैनेज किए जाने वाले टॉयलेट के लिए है, इसमें पेट्रोल पंप या ढाबों के टॉयलेट शामिल नहीं हैं। इस कैंपेन के दौरान हर गाड़ी सिर्फ एक इनाम ले सकती है। हर टॉयलेट के लिए एक दिन में पहली सही शिकायत ही मानी जाएगी। सभी एंट्रीज की जांच AI और मैनुअल तरीके से होगी ताकि सब कुछ निष्पक्ष रहे।