बेंगलूरु-चेन्नई एक्सप्रेसवे पर महंगा हुआ सफर, मार्च 2027 तक लागू हुई नई टोल दरें
बेंगलुरु-चेन्नई एक्सप्रेसवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर है। NHAI ने बेंगलुरु-चेन्नई एक्सप्रेसवे के कर्नाटक हिस्से पर टोल दरों में बदलाव किया है। ये नई दरें 22 जुलाई से लागू हो चुकी हैं। बदली हुई दरें मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
ये नई दरें होसकोटे (हेदगिनाबेले) से KGF-बेथमंगला (सुंदरपाल्या) के बीच यात्रा करने वाले सभी वाहनों पर लागू होंगी। NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर केबी जयकुमार ने बताया कि टोल दरों में संशोधन किया गया है।
एक्सप्रेसवे पर टोल की नई दरें, 150 से 960 रुपये तक
अब कारों के लिए टोल शुल्क 150 रुपये से शुरू होगा, जो बड़े कमर्शियल वाहनों के लिए 960 रुपये तक जा सकता है। कर्नाटक में 4 टोल प्लाजा हैं – हेदगिनाबेले, अग्रहारा, कृष्णवरम और सुंदरपाल्या। एक्सप्रेसवे पर कुछ खास तरह के वाहनों को ही चलने की अनुमति है। इनमें कार, वैन, बस और ट्रक शामिल हैं। दोपहिया वाहन, ऑटो और ट्रैक्टर को एक्सप्रेसवे पर आने की अनुमति नहीं है।
अभी होसकोटे से बैरिडीपल्ली तक 100 किलोमीटर का रास्ता खुला
फिलहाल, बेंगलुरु-चेन्नई एक्सप्रेसवे का लगभग 100 किलोमीटर का हिस्सा होसकोटे से बैरिडीपल्ली (आंध्र प्रदेश) तक चालू है। एक बार जब यह पूरा 262 किलोमीटर का मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा, तो बेंगलुरु और चेन्नई के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। हालांकि, एक्सप्रेसवे का तमिलनाडु वाला हिस्सा अभी भी निर्माणाधीन है।