यूपी: एक जगह नई-नवेली दुल्हन गहने लेकर भागी, दूसरी जगह दुल्हन ने बारात को वापस भगाया
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में एक नवविवाहिता के अपने ससुराल वालों को खाने में बेहोशी की दवा देकर गहने और पैसा लेकर भागने का मामला सामने आया है।
इन गहनों की कीमत तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
वहीं राज्य के ही एक दूसरे मामले में दूल्हे के जूता चुराई की रस्म के दौरान महिलाओं को गाली देने के कारण दुल्हन ने पूरी बारात को वापस लौटा दिया।
आइए आपको दोनों मामलों के बारे में विस्तार से बताते हैं।
पहला मामला
9 दिसंबर को हुई थी प्रवीन और रिया की शादी
पहला मामला बदायूं का है। यहां हाल ही में 9 दिसंबर को प्रवीन और रिया की शादी हुई थी। रिया आजमगढ़ की रहने वाली है।
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार रात को रिया ने अपने ससुराल वालों को खाने में बेहोशी की दवा खिला दी।
सुबह जब परिवार की नींद टूटी तो उन्होंने रिया को घर से गायब पाया। इसके अलावा 70,000 रुपये कैश और तीन लाख रुपये कीमत के गहने भी घर से गायब थे।
जानकारी
बिचौलिये की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वो टिंकू नामक बिचौलिये की तलाश कर रहे हैं जिसने ये शादी कराई थी। टिंकू रिया के साथ उसके ससुराल आया था और उसके गायब होने के बाद से टिंकू भी गायब है।
बयान
टिंकू ने गहने बनवाने के लिए दूल्हे के परिवार से पैसे
दूल्हे के पिता राम ने बताया, "हमने प्रवीन की शादी में चार लाख रुपये खर्च किए थे। शादी आजमगढ़ में हुई थी और टिंकू ने शादी से ठीक पहले उनसे ये कहते हुए पैसे लिए थे कि दुल्हन का परिवार बेहद गरीब है और उनसे वो अपनी बेटी के लिए गहने बनवाएंगे।"
वहीं प्रवीन ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी पत्नी मुझे धोखा देगी। मेरा पूरा परिवार गांव में शर्मशार हुआ है। मैं उसकी गिरफ्तारी चाहता हूं।"
दूसरा मामला
जूते चुराई के दौरान दुल्हन पक्ष की महिलाओं को गाली देने लगा दूल्हा
दूसरा मामला मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव का है।
यहां शनिवार रात को एक शादी में दुल्हन की तरफ की कुछ महिलाओं ने जूते चुराई की रस्म के दौरान दूल्हे के जूते चुरा लिए और उन्हें वापस करने के बदले पैसे मांगे।
लेकिन हंसी-मजाक की इस रस्म के दौरान 22 वर्षीय दूल्हा विवेक कुमार नाराज हो गया और उसने महिलाओं को गाली देना शुरू कर दिया।
दुल्हन के परिजनों ने उसे शांत करने की कोशिश भी की, लेकिन वो नहीं माना।
दुल्हन का फैसला
दुल्हन ने की शादी रद्द, बारात को वापस लौटाया
जब दुल्हन को दूल्हे की इस हरकत के बारे में पता चला तो उसने शादी को रद्द कर दिया।
उसने पूरी बारात को वापस लौटा दिया गया, लेकिन दूल्हा, उसके पिता और दो संबंधियों को दुल्हन के परिवार ने बंधक बना लिया।
पुलिस को बुलाए जाने के बाद मामले में समझौता हुआ और दुल्हे का परिवार दहेज के रूप में मिले 10 लाख रुपये वापस करने के लिए राजी हो गया।
समझौता
गांव के बुजुर्गों ने की दुल्हन को मनाने की कोशिश
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन प्रमुख नरेश टिकैत समेत गांव के बुजुर्गों ने मामले में दखल देते हुए दुल्हन को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशों के बावजूद वह शादी करने को तैयार नहीं हुई।
पुलिस SHO विरेंद्र कसाना ने बताया, "मामले में किसी भी तरफ से कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दूल्हा और दुल्हन के परिवार पुलिस स्टेशन के बाहर ही समझौते पर पहुंच गए।"