LOADING...
नेपाली विदेश मंत्री का भारत दौरा: बोले- हम एक ही नदी की संतान; ये समझौते हुए
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने अपने भारतीय समकक्ष से मुलाकात की

नेपाली विदेश मंत्री का भारत दौरा: बोले- हम एक ही नदी की संतान; ये समझौते हुए

लेखन आबिद खान
Jun 07, 2026
01:53 pm

क्या है खबर?

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल भारत दौरे पर हैं। आज उन्होंने भारत के साथ विकासोन्मुखी साझेदारी का आह्वान करते हुए कहा कि काठमांडू ऐसे भारत के साथ जुड़ना चाहता है, जो एक प्रमुख आर्थिक और तकनीकी शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा, "हम सिर्फ नक्शे पर खींची गई राजनीतिक रेखाओं से जुड़े पड़ोसी नहीं हैं। हम उन्हीं नदियों, उन्हीं पहाड़ों और उसी प्राचीन ज्ञान की संतान हैं।"

बयान

खनाल बोले- हमें भारत आर्थिक महाशक्ति के रूप में दिखाई देता है

खनाल ने कहा, "जब हम सीमा पार देखते हैं, तो हमें भारत एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में दिखाई देता है। हम एक उभरते हुए भारत को देखते हैं जिसने वैश्विक मंच पर एक गतिशील, तेजी से विकसित हो रही तकनीकी और आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई है।आइए हम ऐसी साझेदारी बनाएं जो अतीत की चिंताओं से बंधी न हो, बल्कि हमारे साझा भविष्य की बड़ी उम्मीदों और शानदार संभावनाओं से प्रेरित हो।"

बातचीत

खनाल ने बताया भारतीय विदेश मंत्री के साथ क्या हुई बातचीत?

खनाल ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय सहयोग के लिए महत्वपूर्ण कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, "हमारी चर्चा में नेपाल-भारत संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया गया, जिनमें व्यापार, सीमा पार संपर्क, ऊर्जा साझेदारी, जल संसाधन प्रबंधन और लोगों के बीच संबंध शामिल हैं।" उन्होंने कहा कि नेपाल भारत के साथ संबंधों के केंद्र में आर्थिक परिवर्तन रखना चाहता है और संबंधों को पुरानी भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के नजरिए से नहीं देखता।

Advertisement

UPI

नेपाल में काम करेगा भारत का UPI

विदेश मंत्री जयशंकर ने 2015 के भूकंप के बाद पुनर्निर्माण कार्यक्रम के तहत नेपाल को 72 स्वास्थ्य सुविधाएं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाएं सौंपीं। नेपाल की NHCL और भारत की NPCI के बीच समझौता हुआ है, जिसके तहत नेपाल में UPI के जरिए लेन-देन किया जा सकेगा। काठमांडू विश्वविद्यालय के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और AI केंद्र और भारत के डिजिटल इंडिया मिशन के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

Advertisement

भारत का बयान

जयशंकर ने बताए भारत-नेपाल सहयोग के क्षेत्र

विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, "भारत और नेपाल के बीच बहुत खास रिश्ता है, जो लोगों के बीच अच्छे संबंधों, सीमा पार संबंध और साझा सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की मजबूत नींव पर बना है। यह साझा भरोसे, अच्छी भावना और आपसी फायदे पर टिका है। हमारे आपसी व्यापार संबंध, वाणिज्य, निवेश, ऊर्जा, विकास सहयोग, शिक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में लगातार बढ़े हैं। आज हमारे पास इसे कई दूसरे क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने का मौका है।"

NSA

खनाल ने NSA डोभाल से की मुलाकात

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने सीमा पार बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने, बिजली व्यापार को विस्तार देने और लोगों के बीच आपसी संपर्क को मजबूत करने प चर्चा की। दोनों देशों के बीच रोड और रेल लिंक को बेहतर बनाने, यात्रा को सुगम करने के साथ बुद्ध और कल्चर सर्किट को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

Advertisement