NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: प्रोफेसर कुलकर्णी और कोचिंग संचालक शिवराज 10 जून तक जेल गए
क्या है खबर?
राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के पेपर लीक मामले में दिल्ली की कोर्ट ने 2 आरोपियों को जेल भेज दिया है। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को कथित सरगना रसायन विज्ञान के सेवानिवृत्त प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी और लातूर में आरसीसी कोचिंग संस्थान के मालिक शिवराज मोटेगांवकर को 10 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। लातूर से गिरफ्तार डॉ मनोज शिरुरे और पुणे से गिरफ्तार तेजस हर्षद कुमार शाह 5 दिन के लिए CBI हिरासत में भेजे गए हैं।
जांच
अब तक 13 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को शिरुरे और तेजस हर्षद को गिरफ्तार किया, जिसके बाद इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 13 हो गई है। CBI के प्रवक्ता ने बताया डॉ शिरुरे लातूर में बाल रोग विशेषज्ञ हैं और तेज हर्षद पुणे की एक कोचिंग संस्थान में भौतिकी संकाय का सदस्य है। शिरुरे ने 3 छात्रों को रसायन विज्ञान के लीक हुए प्रश्नों तक पहुंच दिलाई थी, जो उन्होंने प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी से प्राप्त किया था।
जांच
अब 21 जून को होनी है परीक्षा
NEET-UG परीक्षा 3 मई को 22 लाख से अधिक छात्रों के लिए आयोजित हुई थी। इसके बाद पता चला कि एक हस्तलिखित 'अनुमान पत्र' में 140 प्रश्न वास्तविक परीक्षा प्रश्न-पत्र से मेल खाते थे। इसके बाद राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर जांच CBI को सौंप दी। मामले में अब तक 49 जगह छापेमारी हो चुकी है और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन जब्त हुए हैं। NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी।