Loading...
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: दिल्ली की विशेष अदालत ने 14 आरोपियों पर तय किए आरोप
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कोर्ट ने 14 आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: दिल्ली की विशेष अदालत ने 14 आरोपियों पर तय किए आरोप

Nov 21, 2026
06:56 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के प्रश्नपत्र लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष अदालत ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों से इनकार किया है। अदालत ने इस मामले की नियमित सुनवाई 25 नवंबर से शुरू करने का आदेश दिया है, जिसके तहत अभियोजन पक्ष के गवाहों और सबूतों को रोजाना के आधार पर दर्ज किया जाएगा।

आरोपपत्र

CBI ने दाखिल किया 20,000 पन्नों का आरोपपत्र

इस कथित परीक्षा घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में करीब 20,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया।

विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने 12 अगस्त को CBI के शुरुआती आरोपपत्र पर संज्ञान लिया था, जिसके बाद 14वें आरोपी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया गया था।

कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए हैं।

आरोपी

आरोपियों में कौन-कौन शामिल?

विशेष अदालत की ओर से जिन 14 लोगों पर आरोप तय हुए हैं, उनमें यश यादव, मांगीलाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल, विकास बिंवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रह्लाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल हैं।

कोर्ट की ओर से इन सभी आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन से जुड़ी कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत भी आरोप तय करने का आदेश भी दिया गया है।

ADVERTISEMENT

पेपर

कैसे लीक हुआ था पेपर?

CBI के अनुसार, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग तरीकों से एजेंसी के कार्यालय से गोपनीय प्रश्नपत्र बाहर निकाले थे।

जांच में सामने आया कि एक विशेषज्ञ ने कागज की पर्चियों पर सवालों की नकल की, जबकि अन्य विशेषज्ञों ने सवालों को याद कर लिया और बाद में बाहर आकर उन्हें लिख दिया।

आरोप है कि गोपनीय अनुभाग से बाहर निकलते समय तलाशी न होने जैसी सुरक्षा चूक के कारण यह संभव हो सका।

ADVERTISEMENT

परीक्षा

कब रद्द हुई थी NEET-UG 2026 परीक्षा?

देश भर में लगभग 22 लाख अभ्यर्थियों के लिए NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई, 2026 को आयोजित की गई थी।

प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।

CBI ने मामला दर्ज किया था और 28 जुलाई को 13 आरोपियों के खिलाफ पहला आरोपपत्र दाखिल किया था। उसके बाद पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था।

ADVERTISEMENT