NEET PG: जयपुर के केंद्र पर बिजली गुल, बार-बार बंद हुए कंप्यूटर; 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा
क्या है खबर?
जयपुर में NEET PG-2026 परीक्षा के दौरान सीतापुरा स्थित एक केंद्र पर हंगामा हो गया। यहां बार-बार बिजली गुल होने के चलते अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन बिजली गुल होने के चलते देरी से शुरू हुई। इसके बाद भी बार-बार बिजली जाती रही, जिससे कंप्यूटर बंद हुए। इस दौरान प्रभावित अभ्यर्थी हंगामा करने लगे, जिसके बाद परीक्षा ही स्थगित कर दी गई।
दोबारा
5 सितंबर को दोबारा होगा पेपर
राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड (NBEMS) ने बताया कि सितापुरा स्थित केंद्र पर 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें विरोध प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। छात्रों का दावा है कि पुलिस ने उनसे कहा कि अगर वे प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उनके खिलाफ FIR हो सकती है।
पेपर लीक
अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए
अभ्यर्थियों ने बताया कि कुछ कंप्यूटर को फिर से स्टार्ट करने के बाद स्क्रीन पर 3 से 4 सवाल ही दिखाई दिए। जबकि कुछ छात्रों ने कहा कि 5-6 सवाल आने के बाद फिर कंप्यूटर बंद हो गए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि बार-बार कंप्यूटर बंद होने और अलग-अलग सवाल दिखाई देने के बाद उन्हें परीक्षा की गोपनीयता पर संदेह है। छात्रों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।