BRICS समिट: रात में 300 सफाईकर्मी, दिन में 3 बार बाजार; ऐसे चमकाई जा रही दिल्ली
BRICS समिट अब बस कुछ ही दिन दूर है, जो 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाला है। इस बड़े आयोजन से पहले नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) अपने पूरे इलाके में सफाई व्यवस्था को मजबूत कर रही है।
लगभग 300 सफाई कर्मचारी रात की शिफ्ट में काम पर लगाए गए हैं। ये कर्मचारी रोड स्वीपर और प्रेशर जेट जैसी मशीनों के साथ मिलकर सड़कें, बाजार और सार्वजनिक जगहों को चमकाने में लगे हैं। उनका लक्ष्य है कि सुबह शहर के जागने से पहले हर जगह बेदाग साफ नजर आए।
NDMC बाजारों की दिन में 3 बार सफाई कर रहा
सफाई का यह काम सिर्फ एक बार का नहीं है। NDMC ने अपनी टीमों को 3 शिफ्टों में बांटा है, ताकि हर वक्त कोई न कोई सफाईकर्मी ड्यूटी पर मौजूद रहे। बाजारों को दिन में 3 बार साफ किया जा रहा है।
वहीं, ज्यादा भीड़भाड़ वाली जगहों पर कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहते हैं, ताकि कूड़ा या गंदगी जमा होते ही उसे तुरंत हटाया जा सके। इस पूरी कवायद का मकसद यह है कि समिट के दौरान आने वाले मेहमानों और स्थानीय लोगों के लिए पूरा शहर साफ-सुथरा और स्वच्छ बना रहे।