महुआ मोइत्रा ने अध्यक्ष रेखा शर्मा पर की असभ्य टिप्पणी, NCW ने की कार्रवाई की मांग
क्या है खबर?
तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष रेखा शर्मा पर असभ्य टिप्पणी कर फिर से विवादों में आ गई है।
इस मामले में NCW ने स्वत: संज्ञान लेकर मोइत्रा के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध करते हुए 3 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
इसी तरह अध्यक्ष रेखा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय आरोड़ा को पत्र लिखकर इस मामले में मोइत्रा के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
NCW अध्यक्ष रेखा हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ की घटना को लेकर घटनास्थल पर जायजा लेने पहुंची थी। उस दौरान बारिश में उनके पीछे एक शख्स छाता लिए हुए चल रहा था।
इस पर पत्रकार निधि राजदान ने एक्स पर पूछा था कि रेखा ने खुद छाता क्यों नहीं पकड़ा?
मोइत्रा ने इसी पोस्ट पर लिखा था, 'वह (रेखा) अपने बॉस का पायजामा थामने में बहुत व्यस्त हैं।'
अब इस पर बवाल मच गया है।
मांग
NCW ने पुलिस से 3 दिन में रिपोर्ट भेजने को कहा
इस मामले में NCW ने स्वत: संज्ञान लेते हुए लिखा है, 'यह अभद्र टिप्पणी अपमानजक है और महिला के सम्मान के अधिकार का उल्लंघन है। आयोग ने पाया है कि यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-79 के तहत आती है। NCW इस टिप्पणी की निंदा करता है और मोइत्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध करता है। मोइत्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए और 3 दिन में आयोग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जानी चाहिए।'
जानकारी
मोइत्रा ने दिया जवाब
NCW द्वारा स्वत: संज्ञान लेते हुए मोइत्रा ने भी जवाब दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली पुलिस कृपया इस स्वत: संज्ञान पर जल्दी कार्यवाही कीजिए। आपको मुझे गिरफ्तार करना है तो मैं अगले 3 दिनों तक नादिया [पश्चिम बंगाल का जिला] में हूं।'