अमृतसर में खौफनाक वारदात: पिता ने प्रेम के शक में बेटी को मारकर घर में दफनाया
अमृतसर में एक 19 साल की युवती नवनीत कौर की हत्या का आरोप उसके पिता हरदयाल सिंह पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, हरदयाल को शक था कि उसकी बेटी किसी रिश्ते में है, और इसी शक के चलते उसने नवनीत की जान ले ली।
बताया जा रहा है कि नवनीत का शव घर के पिछवाड़े में ही दफना दिया गया था। जब नवनीत की मां सरबजीत कौर घर लौटीं और अपनी बेटी को गायब पाया, तो वह बिना वक्त गंवाए पुलिस के पास पहुंच गईं। उनके पुलिस के पास पहुंचने के बाद ही यह पूरा मामला सामने आया।
पुलिस को कब्र मिली, हरदयाल सिंह लापता
पुलिस जांच में सामने आया है कि सरबजीत कुछ समय पहले ही पारिवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर चली गई थीं। लेकिन जब नवनीत ने उन्हें फोन पर बताया कि पिता हरदयाल घर में गड्ढा खोद रहे हैं और उसी वक्त फोन कट गया, तो सरबजीत घबरा गईं।
इसके बाद पुलिस ने घर के पिछले हिस्से में एक नई खोदी हुई कब्र का पता लगाया। अब पुलिस हरदयाल सिंह की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से फरार है। जानकारी के मुताबिक, परिवार में पहले से ही तनाव चल रहा था, क्योंकि 8 महीने पहले उनकी एक और बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी।