गुरदासपुर में सनसनीखेज वारदात: कांग्रेस सरपंच के भाई को गोलियों से भूना
कांग्रेस सरपंच नवदीप सिंह के भाई सुखराज सिंह की शनिवार रात पंजाब के गुरदासपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे एक गुरुद्वारे से अपने घर लौट रहे थे, तभी एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका।
हमलावरों ने उन पर कई राउंड गोलियां बरसाईं, जिससे सुखराज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को शक है कि इस हत्या के पीछे कोई पुरानी निजी दुश्मनी हो सकती है।
पुलिस को कारतूस मिले, परिवार ने न्याय की मांग की
घटनास्थल से पुलिस को 2 खाली कारतूस मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुखराज के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
सुखराज के भाई नवदीप सिंह ने बताया कि पहले हुए एक हमले के बाद भी उन्होंने कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब परिवार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि इस बार जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और उन्हें इंसाफ मिले।