
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब के जेद्दा रवाना, जानिए क्या है खास
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर मंगलवार को अपनी 2 दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब रवाना हो गए हैं।
पिछले 10 सालों में यह प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब की तीसरी यात्रा है। इस बार वे पहली बार ऐतिहासिक शहर और वाणिज्यिक राजधानी जेद्दा जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी जेद्दा में रणनीतिक भागीदारी परिषद की दूसरी बैठक में भाग लेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए कई वार्ता में शामिल होंगे।
दौरा
प्रधानमंत्री ने साझा किया अपना संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने जेद्दा रवाना होने से पहले एक्स पर लिखा, 'जेद्दा, सऊदी अरब के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लूंगा। भारत सऊदी अरब के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को महत्व देता है। पिछले दशक में द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय गति आई है। मैं सामरिक भागीदारी परिषद की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए उत्सुक हूँ। मैं वहां भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करूंगा।'
मोदी ने प्रिंस को 'मेरा भाई' बताया।
महत्व
दौरे के लिए जेद्दा शहर को क्यों चुना गया?
प्रधानमंत्री मोदी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के बाद जेद्दा की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। मनमोहन सिंह फरवरी 2010 में जेद्दा गए थे।
भारत-सऊदी अरब के बीच संपर्क के मामले में जेद्दा महत्वपूर्ण शहर है। जेद्दा में सऊदी का सबसे बड़ा बंदरगाह है, जो वर्षों से दोनों देशों के बीच व्यापार के लिए मुफीद है। यह मक्का का प्रवेश द्वार भी है।
उमराह-हज के लिए लोग जेद्दा से मक्का जाते हैं। यह सऊदी की आर्थिक राजधानी है।
जानकारी
दोनों देशों के बीच कई समझौते
दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं वैज्ञानिक अनुसंधान, संस्कृति और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है। साथ ही मोदी क्राउन प्रिंस के साथ तीर्थयात्रियों के लिए कोटा सहित हज मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।