Page Loader
नागपुर: औरंगजेब की समाधि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद भड़की हिंसा, पुलिसकर्मी समेत 4 घायल
नागपुर में हिंसा में पुलिसकर्मी समेत 4 घायल

नागपुर: औरंगजेब की समाधि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद भड़की हिंसा, पुलिसकर्मी समेत 4 घायल

Mar 17, 2025
11:13 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को औरंगजेब की समाधि के विरोध में एक संगठन के प्रदर्शन के बाद शाम को दो गुटों में टकराव हो गया। महल इलाके में दोनों ओर से पथराव हुआ और कई वाहनों में आग लगा दी गई। मामला शांत करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने के साथ लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना में एक पुलिसकर्मी सहित 4 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शांति की अपील की है।

हिंसा

कैसे भड़की हिंसा?

पुलिस के अनुसार, महल इलाके में औरंगजेब की समाधि को हटाने को लेकर शिवाजी महाराज की मूर्ति के पास बजरंग दल के सदस्यों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान 'कलमा' वाला कपड़ा जलाने की अफवाह फैल गई। इससे मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गणेशपेठ थाने में शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद महल, कोतवाली, गणेशपेठ और चितनविस पार्क सहित अन्य इलाकों में मुस्लिम लोग जमा हो गए। इस दौरान उनकी दूसरे गुट से झड़प हो गई।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें हिंसा का वीडियो

परिणाम

हिंसा का क्या हुआ परिणाम?

टकराव के दौरान दोनों गुटों की और से पथराव किया गया और वाहनों को आग लगा दी गई। इसमें एक पुलिसकर्मी समेत 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने चिटनीस पार्क और महल इलाकों में आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। शुक्रवारी तालाब रोड बेल्ट हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ। यहां लोगों ने एक कार को आग लगाकर घरों पर भी पथराव किया। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने धार्मिक कपड़ा जलाने के आरोपों का खंडन किया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें हिंसा का वीडियो

अफवाह

अफवाह के कारण फैली हिंसा- DCP

पुलिस उपायुक्त (DCP) अर्चित चांडक ने बताया कि हिंसा अफवाह के कारण फैली है। स्थिति अभी नियंत्रण में है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोगों से अपील है कि वह घरों से बाहर न निकलें। पथराव के कारण पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर प्रतिक्रिया देने से पहले सत्यता की जांच करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

अपील

मुख्यमंत्री फडणवीस ने की शांति की अपील

मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोगों से शांति की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के सभी प्रयास जारी हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री और नागपुर सांसद नितिन गडकरी ने कहा, "कुछ अफवाहों के कारण तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। मैं अपने सभी भाइयों से आग्रह करता हूं कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें।"