मैसूर में दशहरे पर 3,473 ड्रोन से आसमान में बनाया मोर, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज
मैसूर के दशहरा समारोह में इस बार एक शानदार टेक्नोलॉजिकल बदलाव देखने को मिला। रात के आसमान में 3,473 ड्रोनों की मदद से एक विशाल मोर बनाया गया। इस हैरतअंगेज शो ने हवा में पक्षियों की सबसे बड़ी आकृति बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इस इवेंट को चामुंडेश्वरी इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CESC) ने बन्नीमंतप के टॉर्चलाइट परेड ग्राउंड में आयोजित किया था। बॉटलैब डायनेमिक्स ने इस पूरे प्रदर्शन का एक वीडियो भी शेयर किया है।
डी के शिवकुमार ने शेयर किया दशहरा का वीडियो
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने इस ड्रोन शो की तारीफ करते हुए कहा कि 'मैसूर के दशहरा ने दुनिया को एक बार फिर दिखाया है कि परंपरा और नए जमाने की टेक्नोलॉजी (इनोवेशन) को कितनी खूबसूरती से एक साथ जोड़ा जा सकता है'।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर तितली और भगवान कृष्ण जैसी दूसरी शानदार आकृतियों वाले ड्रोन शो का वीडियो भी शेयर किया। सोशल मीडिया पर भी इस शो को खूब पसंद किया गया।
लोगों ने मैसूर के इस कदम की जमकर तारीफ की कि कैसे उसने अपनी पुरानी परंपरा को ड्रोन की जबरदस्त तकनीक के साथ जोड़ दिया।