MDR से खत्म हुआ मुफ्त UPI का दौर? 80 प्रतिशत मुंबईकर नाराज, बदलेंगे भुगतान के तरीके
एक नए सर्वे के मुताबिक, मुंबई के 80 फीसदी लोग 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर लगने वाले 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर खुश नहीं हैं। यह नया नियम 15 अक्टूबर से लागू होने वाला है।
सालों तक UPI से मुफ्त में पेमेंट करने के बाद अब कई लोग कह रहे हैं कि अगर दुकानदार यह शुल्क ग्राहकों से लेना शुरू करेंगे, तो वे क्रेडिट कार्ड, नकद या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करने लगेंगे।
देशभर में सिर्फ 17 प्रतिशत व्यापारी शुल्क खुद उठाते हैं
FRTWA और MACCIA जैसे व्यापारिक संगठन इस नियम के विरोध में हैं और 2 अक्टूबर को 'नो UPI डे' मनाने वाले हैं। देशभर में, केवल 17 फीसदी व्यापारी ही इस नए शुल्क को खुद वहन करने को तैयार हैं।
मुंबई में भी अगर यह शुल्क लागू होता है, तो सिर्फ 21 फीसदी लोगों ने UPI का इस्तेमाल जारी रखने की बात कही है। ऐसे में, अब बड़े भुगतान के लिए लोग क्यूआर कोड स्कैन करने के बजाय अपने बटुए का ज्यादा इस्तेमाल करते दिख सकते हैं।