Page Loader
मुंबई पुलिस को 112 पर कॉल कर बम धमाके की सूचना दी, लगातार मिल रही धमकी
मुंबई पुलिस को मिली बम धमाके की सूचना (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मुंबई पुलिस को 112 पर कॉल कर बम धमाके की सूचना दी, लगातार मिल रही धमकी

लेखन गजेंद्र
May 19, 2025
11:10 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार रात को मुंबई पुलिस को एक फोन मिला, जिसमें बताया गया कि कुछ संदिग्ध लोग शहर में घुस आए हैं और वे धमाके की योजना बना रहे हैं। पुलिस को कॉल आपातकालीन नंबर 112 पर आई थी, जिसने अपना नाम अज्ञात बताया था। पुलिस ने कॉल के आधार पर जांच शुरू की तो सूचना गलत पाई। कॉल करने वाले का नाम राजीव सिंह पाया गया, उसके खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है।

धमकी

क्या है मामला?

फ्री प्रेस जनरल के मुताबिक, रविवार रात को राजीव सिंह नाम के व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसने जेजे मार्ग क्षेत्र के पास एक बातचीत सुनी थी, जिसमें एक व्यक्ति योजनाबद्ध बम धमाके और इस साजिश में शामिल व्यक्तियों की उपस्थिति के बारे में बात कर रहा था। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया और दावे की पुष्टि के लिए जांच शुरू की तो पता चला कि राजीव लोगों में दहशत फैलाना चाहता था।

जांच

पिछले कई दिनों से मिल रही धमकी

मुंबई पुलिस को पिछले कई दिनों से बम धमाके की धमकी मिल रही है। कुछ दिन पहले ही पुलिस को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और ताज महल पैलेस होटल में बम विस्फोट की धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसमें दावा किया गया था संसद हमले के मास्टरमाइंड अफजल गुरु को दी गई मौत की सजा अन्यायपूर्ण है। इससे एक हफ्ते पहले महाराष्ट्र सचिवालय के आपदा नियंत्रण कक्ष और पुलिस को भी बम की धमकी का ई-मेल मिला था।

जानकारी

सतर्क है पुलिस

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा 26 पर्यटकों को निशाना बनाने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इस घटना के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। कई अन्य राज्यों में भी पुलिस अलर्ट पर है।