Page Loader
"ताज होटल को बम से उड़ाने 2 पाकिस्तानी आएंगे", मुंबई पुलिस को आया धमकी भरा कॉल
मुंबई पुलिस को मिली ताज होटल को उड़ाने की धमकी

"ताज होटल को बम से उड़ाने 2 पाकिस्तानी आएंगे", मुंबई पुलिस को आया धमकी भरा कॉल

लेखन गजेंद्र
Sep 01, 2023
10:55 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस को गुरुवार को एक बार फिर आतंकवादी हमले का धमकी भरा कॉल आया है। इस बार धमकी देने वाले ने बताया कि होटल ताज को उड़ाने के लिए 2 पाकिस्तानी शहर में आएंगे। इंडिया टुडे के मुताबिक, मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में एक गुमनाम कॉल आई थी। इसमें कॉल करने वाले ने बताया कि पाकिस्तान से 2 लोग समुद्री मार्ग से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करेंगे और ऐतिहासिक होटल को उड़ा देंगे।

जांच

पुलिस जांच में उत्तर प्रदेश का निकला धमकी देने वाला व्यक्ति

पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले ने अपना नाम मुकेश सिंह बताया था, लेकिन जब गहनता से पड़ताल की गई तो पता चला कि उसका असली नाम जगदंबा प्रसाद सिंह (35) है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा का निवासी है और वर्तमान में मुंबई के सांताक्रूज में रहता है। पुलिस का कहना है कि उसने जांच शुरू कर दी है। कॉल करने वाले को जल्द पकड़ा जाएगा। इसके अलावा ताज होटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

धमकी

2008 के मुंबई हमले में बनाया गया था होटल ताज को निशाना

मुंबई में 26 नवंबर, 2008 में पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने पूरे शहर में तबाही मचा दी थी। इस दौरान होटल ताज को भी निशाना बनाया गया था। इसके बाद से कई बार होटल ताज को उड़ाने की धमकी मुंबई पुलिस को मिल चुकी है। पिछले साल अगस्त में होटल ताज में 5 जगह बम रखे होने की भ्रामक जानकारी पुलिस को दी गई थी। इससे पहले जून, 2020 में पाकिस्तान के कराची से धमकी भरी कॉल आई थी।