मुंबई में SUV चला रहे नाबालिग ने स्कूटर सवार दंपति को टक्कर मारी, पति की मौत
क्या है खबर?
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लापरवाही से कार चलाने का मामला सामने आया है। यहां के विद्याविहार इलाके में SUV कार चला रहे एक नाबालिग ने स्कूटर सवार दंपति को टक्कर मार दी। घटना 5 फरवरी की है। हादसे में घायल दंपति ध्रुमिल पटेल (33) और मीनल पटेल (31) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान रविवार को ध्रुमिल की मौत हो गई। मीनल की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि 5 फरवरी को ध्रुमिल और मीनल स्कूटर से घर आ रहे थे, तभी सोमैया कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस ने स्कूटर पर पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछल गए और सड़क के दूसरी तरफ गिरे। कार को नाबालिग चला रहा था, जो मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दंपति को अस्पताल पहुंचाया। मीनल के हाथ-पैर और पेल्विक बोन की सर्जरी हुई है।
जांच
नाबालिग और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल SUV को 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, जो उसके 43 वर्षीय पिता वलजी राजा भूषण की थी। नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने पर उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 199 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।