मुंबई में माध आयलैंड और वर्सोवा के बीच 2,395 करोड़ की लागत से बनेगा नया केबल स्टेड पुल
मुंबई के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। माध आयलैंड और वर्सोवा के बीच अब एक नया केबल-स्टेड पुल बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर कुल 2,395 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और यह पुल 2.06 किलोमीटर लंबा होगा। अभी जिस सफर में करीब डेढ़ घंटा लगता है, इस पुल के बनने के बाद वह महज 10 मिनट का रह जाएगा। अभी मिट्टी की जांच का काम शुरू हो चुका है, लेकिन मुख्य निर्माण कार्य तभी शुरू हो पाएगा जब बॉम्बे हाई कोर्ट से इसकी मंजूरी मिल जाएगी।
पुल में होंगी चार लेन
यह परियोजना वैसे तो 1967 से ही कागजों पर थी, लेकिन अब जाकर यह हकीकत बनने जा रही है। इस पुल में चार लेन होंगी और इसकी सड़क भी चौड़ी होगी ताकि ट्रैफिक का दबाव कम हो सके और गाड़ियां आसानी से निकल पाएं। इससे उन निवासियों को काफी राहत मिलेगी, जिन्हें फिलहाल लंबे रास्ते से जाना पड़ता है या जो मौसमी नावों पर निर्भर रहते हैं। जब यह पुल पूरा हो जाएगा, तो पश्चिमी उपनगरों के लोग अस्पतालों और स्कूलों तक आसानी से और जल्दी पहुंच पाएंगे।