मुंबई में रोजाना आ रही 50 करोड़ लीटर पानी की कमी, 10 प्रतिशत कटौती का फरमान जारी
मुंबई में पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर को रोजाना 50 करोड़ लीटर से भी ज्यादा पानी की कमी झेलनी पड़ रही है, जिससे हालात और भी मुश्किल हो रहे हैं। अनुमान है कि 2041 तक यह अंतर 2.324 अरब लीटर प्रतिदिन तक पहुंच जाएगा, क्योंकि तब पानी की मांग 6.424 अरब लीटर से भी ज्यादा हो चुकी होगी। फिलहाल, शहर को 7 बड़े जलाशयों से पानी मिलता है, लेकिन इसके बावजूद भी लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा कर पाना मुश्किल हो रहा है।
सरकार का 10 प्रतिशत पानी कटौती का आदेश
इस कमी से निपटने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 16 अक्टूबर से पानी की आपूर्ति में 10 प्रतिशत की कटौती का आदेश दिया है। दरअसल, इस बार मानसून में कम बारिश हुई, जिस वजह से जलाशयों में पानी का स्तर काफी कम हो गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस समस्या से निपटने के लिए 6 बड़े प्रोजेक्ट का प्रस्ताव रखा है। अगर ये प्रोजेक्ट पूरे हो जाते हैं, तो मुंबई को हर दिन 3 अरब लीटर से ज्यादा पानी मिल पाएगा। अगर इन प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले सालों में मुंबई की बढ़ती पानी की जरूरत को पूरा करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।