Loading...
सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला, चप्पल फेंकी; अब तक क्या-क्या पता है?
सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला हुआ है

सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला, चप्पल फेंकी; अब तक क्या-क्या पता है?

लेखन आबिद खान
Aug 03, 2026
10:01 am

क्या है खबर?

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर उनके दिल्ली स्थित आवास पर एक शख्स ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पप्पू प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी आरोपी शख्स ने उन पर चप्पल फेंक दी। इसके बाद पप्पू के समर्थकों ने आरोपी के साथ मारपीट की। ये भी दावा किया गया कि आरोपी अपने साथ चाकू लेकर आया था। उसके एक साथी को भी पकड़ा गया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

घटना

प्रेस वार्ता के दौरान हमला

दरअसल, रविवार शाम को पप्पू अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान कथित तौर पर पहचान छिपाकर सुमित और हैप्पी शर्मा नामक युवक भी आवास में आ गए।

पप्पू की प्रेस वार्ता के बीच ही सुमित ने उन पर चप्पल फेंक दी। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पप्पू समर्थकों ने सुमित को जमकर पीटा।

इसी दौरान उसके साथी हैप्पी के पास से चाकू बरामद किया गया।

आरोपी

आरोपियों के बारे में क्या-क्या पता है?

सुमित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है और फिलहाल गाजियाबाद में काम करता है। उस पर पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

वहीं, दूसरा आरोपी हैप्पी भी बुलंदशहर का है। बताया जा रहा है कि वो भाजपा से जुड़ा है और पार्टी का मंडल महामंत्री है। फिलहाल वो फरार है।

घटना के वक्त वो कार लेकर पप्पू के आवास के बाहर खड़ा था।

ADVERTISEMENT

बयान

पप्पू बोले- मुझे मारने की साजिश रची गई

घटना के बाद पप्पू ने कहा, "क्या कोई मेरे घर में घुसकर मुझ पर हमला कर सकता है? वह चाकू लेकर मुझ पर हमला करने आया था। बाबा लोग रोज कह रहे हैं मारो, जलाओ, 51,000 रुपये देंगे। मुझे मारने की साजिश थी। वो तो मिलने वाले लोगों की वजह से मैं बच गया। आप हनुमान को नचा रहे हो, राम को उड़ा रहे हो, शंकराचार्य को पीट रहे हो। आप उसपर क्यों नहीं बोल रहे हो।"

ADVERTISEMENT

आरोपी का बयान

आरोपी बोला- पप्पू ने भगवा का अपमान किया

आरोपी सुमित उसके साथी हैप्पी ने कहा, "हमने पप्पू यादव पर हमला नहीं किया। उन्होंने संंसद में भगवा का अपमान किया था। हमने उनका विरोध किया तो उनके समर्थक पीटने लगे। जब उन लोगों ने हमें पीटा तो हमने उन पर चप्पल-जूते तो फेंके, लेकिन हम वहां चाकू लेकर नहीं गए थे। चाकू उन्होंने अपनी तरफ से लाकर मीडिया को दिखाया। पप्पू के घर के बाहर साधुओं का धरना चल रहा था। हम वहां उनका समर्थन करने गए थे।"

पुलिस

घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?

घटना की जांच तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 2 आरोपियों- सुमित और हैप्पी शर्मा की पहचान की गई है।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि सुमित जिसके पास चाकू था, को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुमित की मेडिकल जांच से पुष्टि हुई है कि घटना के समय वह बहुत नशे में था।

ADVERTISEMENT