भोपाल में पत्नी और मां समेत 2 बच्चों की हत्या, आरोपी खुद ट्रेन के आगे कूदा
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी, मां और 2 बच्चों की हत्या की, फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना मालीखेड़ी इलाके की है। मृतकों में नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता (29), बेटी कृति (10) और बेटा खुश (6) शामिल है। नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला है।
हत्या
घर में 4 शव मिले, ट्रैक पर आरोपी का शव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों महिलाओं और बच्चों का शव घर के अंदर बरामद हुए है। उनकी गला रेतकर हत्या की गई है, जबकि नरेंद्र का शव बाहर ट्रैक पर मिला।
पुलिस को शक है कि नरेंद्र ने अपने परिवार के 4 सदस्यों का धारदार हथियार से गला रेता और खुद जाकर जान दे दी।
अभी तक हत्या के कारणों और खुदकुशी के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।
जांच
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को पहले ट्रैक पर एक युवक के शव मिलने की सूचना मिली थी। उसकी पहचान होते ही पुलिस उसके घर पहुंची तो 4 हत्याओं का खुलासा हुआ।
पुलिस का कहना है कि नरेंद्र के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे इस घातक कदम के पीछे का कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस आसपास के लोगों से भी बात कर रही है। नरेंद्र पर कर्ज की बात सामने आई है।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।