भारत में 38 प्रतिशत से ज्यादा आबादी फैटी लिवर की शिकार, बढ़ा कैंसर तक का खतरा
फैटी लिवर डिजीज (MASLD) अब भारत में एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन गया है। 'द लांसेट रीजनल हेल्थ - साउथईस्ट एशिया' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश की 38% से ज्यादा आबादी इससे प्रभावित है। इस बीमारी का अक्सर पता ही नहीं चलता, लेकिन अगर इस पर ध्यान न दिया जाए तो यह लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का कारण भी बन सकती है।
MASLD और डायबिटीज व दिल की बीमारियों का गहरा नाता
MASLD और डायबिटीज व दिल की बीमारियों का गहरा नाता है। डॉक्टर भास्कर नंदी बताते हैं कि भारत में टाइप 2 डायबिटीज या प्री-डायबिटीज से जूझ रहे लगभग 70% लोगों को MASLD होने की संभावना होती है। अच्छी खबर यह है कि समय-समय पर जांच और अपनी लाइफस्टाइल में छोटे-मोटे बदलाव करके, जैसे सही खान-पान और ज्यादा चलना-फिरना, इस स्थिति को काफी हद तक सुधारा जा सकता है। डॉक्टर नंदी के अनुसार, इस चुनौती से निपटने के लिए हमें अपनी सेहत का पहले से ही ध्यान देना होगा।