जम्मू के उधमपुर में यात्री बस अनियंत्रित होकर पहाड़ से गिरी, 21 की मौत
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां के रामनगर में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे गिर गई, जिससे 21 यात्रियों की मौत हुई है। हादसा रामनगर-उधमपुर राजमार्ग पर खगोट क्षेत्र में हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कम से कम 29 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई गंभीर हैं। हादसे के समय बस में 50 यात्री थे, जो रामनगर से उधमपुर जा रहे थे।
हादसा
बस ऑटो रिक्शा से टकराकर नीचे गिरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होने के बाद पहले एक ऑटो रिक्शा से टकराई, फिर 100 फीट नीचे चली गई। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है और उसके परखच्चे उड़ गए हैं। जिस ऑटो रिक्शा को बस ने टक्कर मारी थी, उसमें भी कुछ यात्री सवार थे, लेकिन उनको सिर्फ चोट आई है। बस में सवार यात्री अपने दैनिक कार्य पर जा रहे थे।
बचाव
केंद्रीय मंत्री ने उपायुक्त से बात की
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा, 'अभी-अभी, उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात हुई। पता चला कि कनोट गांव में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है। हादसे में रामनगर-उधमपुर पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस शामिल थी। इसमें काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। मैं स्थानीय प्रशासन और स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ संपर्क में हूं।'
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद का दृश्य
#WATCH | Udhampur, Jammu and Kashmir: A bus met with an accident in the village Kanote, Udhampur.
— ANI (@ANI) April 20, 2026
10 people have died, and a rescue operation is underway. The injured have been shifted to the government hospital in Udhampur: J&K Police pic.twitter.com/iqEcoxg2F6
मुआवजा
प्रधानमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मृतकों और घायलों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।