विदर्भ में मानसून का रौद्र रूप, मां-बेटियों सहित 6 की मौत
महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में मानसून की भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। बीते 3 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने अब तक 6 लोगों की जान ले ली है और बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। यवतमाल, भंडारा, वर्धा और बुलढाणा जैसे जिलों में नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में गंभीर बाढ़ आ गई है।
ऐसी ही एक बेहद दुखद घटना में एक मां और उनकी 2 बेटियां तब पानी में डूब गईं, जब उनकी कार बाढ़ में बह गए एक पुल से गुजर रही थी।
66 वर्षीय बुजुर्ग भी डूबे
मरने वालों में माधवी अविनाश खंदारे (40), उनकी बेटियां प्राची खंदारे (17) और साची खंदारे (12) शामिल हैं। हालांकि, उनके पति अविनाश खंदारे (45) किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।
इसके अलावा, भंडारा जिले में 66 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति ने भी डूबकर अपनी जान गंवाई, जबकि वर्धा में स्कूल टीचर बी नरंजे भी बाढ़ के तेज बहाव में बह गए। बाढ़ से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गढ़चिरौली जिले में कम से कम 24 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
राहत एवं बचाव दल ने अब तक करीब 700 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहें, क्योंकि मौसम विभाग ने अभी और भारी बारिश होने की आशंका जताई है।