दिल्ली में BRICS का महाकुंभ, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 11 देशों के दिग्गजों का स्वागत
दिल्ली का भारत मंडपम 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मेलन में सभी 11 सदस्य देशों के नेताओं का स्वागत करेंगे, जिनमें ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, भारत, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और UAE शामिल हैं।
इस बार सम्मेलन में कई देशों के बीच सहयोग, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा, सप्लाई चेन और वैश्विक शासन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
BRICS के बड़े नेताओं की पुष्टि, गुटेरेस भी शामिल होंगे
चीन के शी जिनपिंग, रूस के व्लादिमीर पुतिन और दक्षिण अफ्रीका के सिरिल रामफोसा जैसे बड़े नेताओं के आने की पुष्टि हो चुकी है। 13 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी वैश्विक शासन पर व्यापक चर्चा के लिए इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
शिखर सम्मेलन शुरू होने से पहले, प्रधानमंत्री मोदी 11 सितंबर को BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। इस फोरम में हुआवेई और अलीबाबा जैसी कंपनियों के बिजनेस लीडर व्यापार, टेक्नोलॉजी और निवेश के मुद्दों पर बात करेंगे। दिल्ली में इस कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।