मुंबई में MMRDA बना रहा 2 नए रिंग रोड, 2029 तक सफर होगा तेज और आसान
मुंबई के ट्रैफिक से परेशान लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने हाल ही में शहर के लिए 2 और नए रिंग रोड बनाने की योजना का ऐलान किया है। इसके बाद मुंबई में कुल 9 रिंग रोड हो जाएंगे। ये नए रास्ते करीब 307 किलोमीटर लंबे होंगे और मुंबई, ठाणे व नवी मुंबई के खास इलाकों को आपस में जोड़ेंगे। इन रिंग रोड का मुख्य मकसद है कि लोगों का सफर आसान बने और सड़कों पर लगने वाला जाम कम हो।
साल 2029 तक तैयार होंगे रिंग रोड
8वां रिंग रोड शिवड़ी (जो ट्रांस हार्बर लिंक के पास है) से शुरू होगा। यह करीब 197 किलोमीटर लंबा होगा और ईस्टर्न फ्रीवे और मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे जैसे बड़े हाइवे से जुड़ेगा। वहीं, 9वां रिंग रोड लगभग 110 किलोमीटर का एक लूप होगा। यह नरीमन पॉइंट से बोरीवली तक कोस्टल रोड और सी लिंक से होकर गुजरेगा और फिर ठाणे से वापस आकर जुड़ेगा। इन दोनों रिंग रोड पर एक्सेस-कंट्रोल्ड एंट्री पॉइंट होंगे, जिससे सफर और भी आसान हो जाएगा। इन प्रोजेक्ट्स को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।