Page Loader
उत्तर प्रदेश: रेप के बाद जिंदा जलाई गई नाबालिग पीड़िता ने नौ दिन बाद दम तोड़ा

उत्तर प्रदेश: रेप के बाद जिंदा जलाई गई नाबालिग पीड़िता ने नौ दिन बाद दम तोड़ा

Nov 30, 2019
05:24 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के संभल में रेप के बाद जिंदा जलाई गई नाबालिग लड़की ने शनिवार को दम तोड़ दिया। घटना में 85 फीसदी झुलस चुकी पीड़िता को 22 नवंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। पिछले नौ दिन से वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही पीड़िता ने शनिवार को अंतिम सांस ली। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई थी। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

मामला

21 नवंबर को हुई थी नाबालिग के साथ हैवानियत

बीते 21 नवंबर को संभल के सिरसी कस्बे में नाबालिग पीड़िता के पड़ोस में रहने वाले युवक जीशान ने दुष्कर्म किया था। घटना के समय पीड़िता अपने घर पर अकेली थी। जब उसके परिजन घर लौटे तो उसने अपने साथ हुई हैवानियत की जानकारी उन्हें दी। इस पर किशोरी की मां ने आरोपी युवक को डांटा और पुलिस में शिकायत देने की बात कही। पुलिसिया कार्रवाई की बात सुनकर युवक ने पीड़िता की मां को धमकाया।

गिरफ्तारी

घटना के अगले दिन गिरफ्तार हुआ था आरोपी

आरोपी यहीं नहीं रूका और उसने पीड़िता को बांधा और मिट्टी का तेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगने से पीड़िता बुरी तरह झुलस गई। उसे गंभीर हालत में संभल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। पिछले नौ दिनों से इसी अस्पताल में मौत से लड़ रही पीड़िता जिंदगी की लड़ाई हार गई। पुलिस ने घटना के अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

जानकारी

योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा मामला

नाबालिग से रेप कर उसे जलाने का मामला राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा था। उनकी तरफ से निर्देश मिलने पर IG ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली थी।

तेलंगाना हत्याकांड

तेलंगाना में दो दिनों में मिली दो जली हुई लाशें

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब तेलंगाना में दो महिलाओं के जले हुए शव मिलने से सनसनी मची हुई है। गुरुवार को रंगारेड्डी जिले के शादनगर में एक महिला वेटरनरी डॉक्टर का जला हुआ शव मिला था। आरोपियों ने कथित तौर पर रेप के बाद डॉक्टर को आग के हवाले कर दिया। इससे अगले दिन उसी इलाके से एक और महिला का जला हुआ शव मिला। अभी तक महिला की मौत का कारण पता नहीं चला है।