पेट्रोल-डीजल में मिलावट का डर खत्म? मंत्रालय ने किया बड़ा खुलासा
पेट्रोल पंप पर खराब ईंधन की चर्चाएं अक्सर सुनने को मिलती हैं। इस पर अब पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपनी बात रखी है। मंत्रालय ने साफ किया है कि देश भर में ईंधन में बड़े पैमाने पर मिलावट का कोई सबूत नहीं मिला है। उनके ताजा बयान के अनुसार, ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) पहले से ही आधुनिक टेस्टिंग तकनीकों का इस्तेमाल कर रही हैं। साथ ही गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखने के लिए उन्होंने कई अतिरिक्त जांचें भी शुरू की हैं।
सिर्फ 2 पंपों में क्लोराइड मिलावट मिली
देश भर में मौजूद 87,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों में से केवल 2 पर क्लोराइड की मिलावट मिली। इन दोनों पंपों पर तुरंत ईंधन की बिक्री रोक दी गई। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, OMCs अब रोजाना 8 से 12 बार वॉटर इनग्रेस टेस्टिंग कर रही हैं। अब तक वे 2,000 से ज्यादा सैंपल्स की जांच भी कर चुके हैं। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि अगर आगे भी कोई ऐसी समस्या सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे आप बेफिक्र होकर अपने वाहन में ईंधन भरवा सकेंगे।