बिहार में शराबबंदी का ये कैसा हाल? शराब से भरा ट्रक पलटा, भीड़ ने लूट ली बोतलें
देश
शुक्रवार को बिहार के अररिया जिले में खड़हट टोल प्लाजा के पास शराब से भरा एक मिनी-ट्रक पलट गया। हादसा होते ही स्थानीय लोग शराब की बोतलें लूटने के लिए उमड़ पड़े, जबकि राज्य में साल 2016 से शराबबंदी लागू है। दुर्घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों को शराब लूटने का खुला मौका मिल गया।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया
पुलिस अब CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स खंगाल रही है, ताकि लूट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ज्यादातर शराब गायब हो चुकी थी।
ट्रक को जब्त कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी। अधिकारियों को आशंका है कि यह ट्रक असम या पश्चिम बंगाल से इस रास्ते के जरिए शराब की खेप ला रहा था।