LOADING...
मनरेगा हुआ खत्म, अब VB G-RAM-G लागू; जानिए कबसे होगा शुरू
मनरेगा का नाम विकसित भारत G-RAM-G किया गया

मनरेगा हुआ खत्म, अब VB G-RAM-G लागू; जानिए कबसे होगा शुरू

लेखन गजेंद्र
May 11, 2026
03:50 pm

क्या है खबर?

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी देने वाला कानून मनरेगा खत्म कर दिया है। अब इसकी जगह 1 जुलाई, 2026 से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB G-RAM-G) लागू होगा। केंद्र सरकार ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के तहत 1 जुलाई से ग्रामीण इलाकों में काम करने वालों को हर साल 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। चालू वित्तीय वर्ष में इसके लिए 95,692 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

योजना

3 से 15 दिन में होगा भुगतान, वरना विलंबित भुगतान भी मिलेगा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि योजना में मनरेगा के सभी नियम लागू रहेंगे और 1 जुलाई तक उससे जुड़े अधूरे काम जारी रहेंगे। चौहान ने बताया कि योजना के तहत श्रमिकों को 3 से 15 के अंदर भुगतान मिल जाएगा और अगर भुगतान में 15 दिन से अधिक की देरी होती है तो श्रमिक को विलंबित भुगतान देना होगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।

बयान

अधिकतर राज्य भी कर रहे बजट का प्रावधान

चौहान ने बताया कि राज्यों के साथ बातचीत चल रही है और नियम तय किए जा रहे हैं। राज्यों को तैयारियों के लिए 6 महीने तक का समय मिलेगा। उन्होंने बताया कि एक जुलाई से, फंडिंग G-RAM-G में चली जाएगी, भले ही कोई राज्य पूरी तरह से तैयार न हो। उन्होंने बताया कि केंद्र ने योजना के लिए 95,600 करोड़ रुपये का बजट रखा है, लेकिन अधिकतर राज्यों के अलग प्रावधान से कुल बजट 1.51 लाख करोड़ से ज़्यादा होगा।

Advertisement