LOADING...
पश्चिम बंगाल की मर्सिडीज ने हैदराबाद में व्यवसायी को कुचला, केबल-ब्रिज पर खिंचवा रहे थे तस्वीर
हैदराबाद के केबल ब्रिज पर एक व्यवसायी की मर्सिडीज की टक्कर से मौत

पश्चिम बंगाल की मर्सिडीज ने हैदराबाद में व्यवसायी को कुचला, केबल-ब्रिज पर खिंचवा रहे थे तस्वीर

लेखन गजेंद्र
Apr 20, 2026
10:28 am

क्या है खबर?

तेलंगाना के हैदराबाद में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक 32 वर्षीय व्यवसायी को केबल ब्रिज पर कुचल दिया और फरार हो गया। हादसा माधापुर स्थित दुर्गम चेरुवु केबल ब्रिज पर रविवार तड़के हुआ है। हादसे में बुरी तरह घायल व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान हाफिजपेट निवासी श्याम राज के रूप में हुई है। मर्सिडीज कार का पंजीकरण पश्चिम बंगाल का है। अभी चालक गिरफ्तार नहीं हुआ है।

हादसा

सड़क पर टक्कर मारते हुए भागा कार चालक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्याम राज तड़के 3:15 बजे केबल ब्रिज पर अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे। वे सड़क पर खड़े होकर फुटपाथ पर खड़ी अपनी पत्नी की तस्वीर ले रहे थे। तभी तेज रफ्तार मर्सिडीज उनको टक्कर मारने के बाद रेलिंग से टकरा गई और पलट गई। राहगीरों ने तुरंत श्याम को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इस बीच, आरोपी कार चालक किसी तरह कार से बाहर निकला और भागने में कामयाब हो गया।

हादसा

कंपनी के नाम पर पंजीकृत है कार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंपति एक पार्सल भेजने के लिए ट्रैवल बस सेवा केंद्र गए थे। देर रात खाना खाने के बाद वे हाफिजपेट लौटते समय पुल पर थोड़ी देर के लिए रुके थे। घटना के समय कार जुबली हिल्स से आईकिया जा रही थी। मर्सिडीज-बेंज (WB 06 B 7003) बेंगलुरु स्थित क्वांटम मिनरल्स एंड मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पंजीकृत है। पंजीकरण से जुड़ा संपर्क नंबर फिलहाल बंद है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

Advertisement

जांच

कॉरपोरेट मंत्रालय से मांगेगे मदद

पुलिस का कहना है कि वह कंपनी और उसके प्रतिनिधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए केंद्रीय कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय से मदद मांगेंगे। इसके लिए पत्र लिखा जाएगा। पुलिस ने बताया कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। कार चालक के भी घायल होने की भी संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस श्याम की मौत हादसे में हुई है, उसकी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी।

Advertisement