मसूद अजहर पर इनाम को भारत ने 'दिखावा' बताया, बांग्लादेश की भी खोली पोल
क्या है खबर?
विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को निमंत्रण, पाकिस्तान की ओर से मसूद अजहर पर इनाम की घोषणा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात और ओमान के तट पर जहाज पर हमले को लेकर भारत का रुख स्पष्ट किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "पाकिस्तान की ओर से इस तरह के हथकंडे और लोगों को गुमराह करने के प्रयास कोई नई बात नहीं हैं। हमने पहले भी ये देखा है।"
पाकिस्तान
भारत बोला- पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे
पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर पर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की है।
इस पर मंत्रालय ने कहा, "लोगों को गुमराह करने के लिए पाकिस्तान की ऐसी कवायद और दिखावे पहले भी सामने आते रहे हैं। आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश की ओर से इस तरह की घोषणाएं खोखली हैं। पाकिस्तान को केवल घोषणाएं करने के बजाय ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि ऐसी घोषणाओं का अंततः कोई प्रभाव नहीं पड़ता।"
बांग्लादेश
तारिक रहमान को दिए गए थे दो निमंत्रण- भारत
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को निमंत्रण भेजे जाने पर जायसवाल ने कहा कि भारत ने उन्हें द्विपक्षीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया था।
उन्होंने कहा, "BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर उन्हें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी निमंत्रण दिया गया था। इस तरह बांग्लादेशी प्रधानमंत्री को भारत की ओर से 2 अलग-अलग निमंत्रण मिले थे। पहला द्विपक्षीय यात्रा के लिए और दूसरा BRICS सम्मेलन में BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर भाग लेने के लिए।"
बैठक
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच क्या हुई चर्चा?
जायसवाल ने कहा कि 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, "बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की चिंताओं का भी उल्लेख किया और इस बात पर जोर दिया कि दोनों पक्षों को एक-दूसरे की प्रमुख चिंताओं के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने '3 आपसी सिद्धांतों'- आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी संवेदनशीलता का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।"
ओमान
ओमान के तट पर जहाज पर हमले को लेकर मंत्रालय ने क्या बताया?
ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर मंत्रालय ने बताया कि यह पनामा के झंडे वाला जहाज था और उस पर 14 भारतीय नागरिक/नाविक सवार थे।
जायसवाल के मुताबिक, इनमें से 13 भारतीयों को बचा लिया गया है, जबकि एक लापता है।
जायसवाल ने कहा, "ओमानी अधिकारियों की मदद से उसकी तलाश और बचाव अभियान जारी है। भारतीय दूतावास भी ओमानी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।"
अन्य मुद्दे
जायसवाल ने और क्या-क्या जानकारी दी?
BRICS सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर और सऊदी अरब के विदेश मंत्री के बीच हूती हमलों को लेकर चर्चा हुई।
भारत रूस के साथ ऊर्जा सहयोग को और मजबूत और विस्तारित करना चाहता है। इस दिशा में दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।
भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए स्रोतों से खरीद का फैसला राष्ट्रीय हित को देखते हुए किया जाता है।
भारत ने जाकिर नाइक का मुद्दा मलेशिया के साथ हर स्तर पर उठाया है।