
विदेश मंत्रालय बोला- पाकिस्तान आतंकवाद का गढ़, आतंकियों के जनाजे में सेना का क्या काम?
क्या है खबर?
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर विदेश मंत्रालय ने अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इसमें विदेश सचिव विक्रम मिस्री, मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह मौजूद रहे।
इस दौरान कर्नल कुरैशी ने कहा, "7-8 मई को पाकिस्तान ने भारत में कई ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमले का प्रयास किया। इन्हें भारत ने नाकाम कर दिया। इनका मलबा कई स्थानों पर बरामद हुआ।"
विदेश सचिव
मिस्री बोले- पाकिस्तान ने TRF का नाम लेने का विरोध किया
विक्रम मिस्री ने कहा, "22 अप्रैल का हमला ही वास्तविक तनाव बढ़ाने वाली घटना थी। इसके बाद यह सिलसिला शुरू हुआ। उसका जवाब भारत ने कल दिया है। 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' ने जिम्मेदारी ली थी। यह लश्कर-ए-तैयबा का हिस्सा है। भारतीय अधिकारियों ने संयुक्त राष्ट्र को पहले ही इसकी जानकारी दी थी। दिलचस्प बात यह है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा समिति में जब कॉन्फ्रेंस की बात चल रही थी, तब पाकिस्तान ने TRF का नाम लिए जाने का विरोध किया।"
आतंकवाद
मिस्री ने कहा- पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद का गढ़
मिस्री ने कहा, "पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद का गढ़ है। इसके सबूत दुनियाभर की एजेंसियों और सरकारों के पास हैं। दुनियाभर के आतंकी हमलों में पाकिस्तान का हाथ है। वह भारत में आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं। ओसामा बिन लादेन को वहां शहीद कहा गया। पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और पूर्व विदेश मंत्री ने इसे माना है कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों से संबंध रहा है।"
नागरिक
विदेश सचिव बोले- आतंकवादियों को पाकिस्तानी झंडे में लपेटा
मिस्री ने कहा, "पाकिस्तान दावा कर रहा है कि हमारी कार्रवाई में आम नागरिक भी मारे गए हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' में केवल आतंकी इमारतें ही लक्ष्य थीं। उनके यहां आतंकवादियों का अंतिम संस्कार किया गया। अगर सिर्फ नागरिक मरे हैं तो फोटो हाफिज सईद के साथ क्यों आई है। पाकिस्तान ने आतंकवादियों का अंतिम संस्कार झंडे में लपेटकर किया। आतंकियों के जनाजे में सेना का क्या काम है।"
मिस्री ने इस दौरान तस्वीरें भी दिखाईं।
सवाल जवाब
क्या पाकिस्तान ने मार गिराए भारत के लड़ाकू विमान?
जब मिस्री से पूछा गया कि पाकिस्तान भारतीय लड़ाकू विमान गिराने का दावा कर रहा है, इसकी हकीकत क्या है तो उन्होंने कहा, "सही समय होगा तो आधिकारिक सूचना दी जाएगी। पाकिस्तान का जन्म लेते ही झूठ शुरू हो गया था।"
वहीं, कितने आतंकी मारे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मेरे पास इस तरह के सवालों का अभी कोई जवाब नहीं है। अभी ऑपरेशन को सिर्फ 36 घंटे हुए हैं। सही समय आने पर जानकारी दे दी जाएगी।"
बैठक
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सरकारी विभागों और मंत्रालयों के सचिव और प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने अफसरों को नागरिक सुरक्षा तंत्र मजबूत करने, भ्रामक खबरों को रोकने और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मंत्रालयों के बीच निर्बाध समन्वय का आह्वान किया और अधिकारियों और संस्थानों के साथ समन्वय करने के लिए कहा।