मुंबई लोकल में हत्या: 2 महीने चाकू संग घूमता रहा कातिल, सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
मंगलवार रात चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन में 22 साल के मयंक लोहार की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी रोशन सुवर्ण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले 2 महीने से अपने बैग में चाकू लेकर ट्रेन में सफर कर रहा था, लेकिन किसी भी सुरक्षा जांच में उसे रोका नहीं गया और न ही किसी को उस पर शक हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शराब के नशे में मयंक लोहार पर हमला किया था। फिलहाल, रोशन सुवर्ण पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।
मुंबई की ट्रेनों में सुरक्षा स्क्रीनिंग फेल
इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर देखा जाता है कि बैग स्कैन करने वाले उपकरण, मेटल डिटेक्टर और CCTV कैमरे या तो खराब पड़े रहते हैं या उनकी अनदेखी की जाती है। भारी भीड़ और पर्याप्त कर्मचारियों की कमी के कारण खतरनाक सामान आसानी से ट्रेनों में पहुंच जाता है। यह ऐसी कोई पहली घटना नहीं है, और यह काफी चिंताजनक बात है। सिर्फ 5 महीने पहले मालाड स्टेशन पर भी इसी तरह की चाकू से हमला करने की घटना हुई थी। इससे मुंबई के आम यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।